ईकोसिस्टम डेवलपमेंट

लक्षद्वीप में बदलाव की धीमी, लेकिन ज़रूरी राह

लक्षद्वीप में तीन दशकों के काम के बाद, एक शोध संगठन ने जाना कि क्लाइमेट एक्शन के लिए समुदायों से लंबे समय तक जुड़ाव, सब्र और आर्थिक सहयोग कितना ज़रूरी है।
अन्य भाषाओं में पढ़ें:
हिंदी
IDR Hindi Instagram

लक्षद्वीप जैसी जगह के लिए विकास का क्या मतलब है? कागज़ों पर देखें, तो साक्षरता और महिलाओं के भूमि अधिकार जैसे विकास के मानकों पर ये द्वीप भारत के अधिकांश हिस्सों से कहीं बेहतर स्थिति में हैं। यहां का समाज भी मुख्य रूप से मध्यवर्गीय है। लेकिन साथ ही यहां कई ईकोलॉजिकल (पारिस्थितिकी) और अर्थव्यवस्था से जुड़े बदलाव भी हो रहे हैं, जो लोगों के रहन-सहन और जीवन को बदल रहे हैं।

1960 के दशक से इन द्वीपों में आजीविका का मुख्य साधन पोल-एंड-लाइन तकनीक से टूना मछली पकड़ना रहा है। इस तरीके में कम मात्रा में मछलियां पकड़ी जाती हैं और यह बेहद टिकाऊ भी है। हालांकि, पिछले एक दशक में मछुआरे रीफ़ में मछली पकड़ने की ओर बढ़ने लगे हैं। यह तरीका कहीं कम टिकाऊ है और इससे ख़ुद रीफ़ की प्राकृतिक रूप से संकटों का सामना करने की क्षमता कमज़ोर पड़ सकती है।

इस परिदृश्य में जलवायु परिवर्तन से निपटना एक जटिल चुनौती है। विकास नियोजन प्रशासन को फिलहाल विकास से जुड़ी उन तात्कालिक ज़रूरतों पर ध्यान देना पड़ता है, जो लंबे समय में जलवायु परिवर्तन के अनुकूल योजनाएं बनाने की प्राथमिकताओं से अलग हो सकती हैं। स्थानीय समुदायों के लिए जलवायु परिवर्तन का असर मीठे पानी की घटती उपलब्धता, सिकुड़ती ज़मीन और खाद्य पदार्थों की बदलती उपलब्धता के रूप में दिख रहा है। आने वाले कुछ दशकों में इनमें से कई द्वीप शायद रहने लायक नहीं रह जाएंगे। इससे यहां की आबादी जलवायु परिवर्तन के कारण विस्थापित होने वाले शुरुआती समुदायों में से हो सकती है।

नेचर कंज़र्वेशन फ़ाउंडेशन (एनसीएफ़) पिछले तीन दशकों से इन द्वीपों पर काम कर रहा है। शुरुआत में हमारा काम समुद्री जीव विज्ञान (मरीन बायोलॉजी) से जुड़े शोध तक सीमित था। लेकिन जल्द ही हमें समझ आया कि बदलती पारिस्थितिकी का द्वीप पर क्या असर पड़ रहा है, यह जानने के लिए हमें अपना दायरा बढ़ाना होगा। इसके लिए द्वीपों के समुदायों के साथ गहराई से जुड़ना ज़रूरी था, ताकि हम समझ सकें कि उनके लिए द्वीप पर रह पाने का क्या मतलब है और यह उनके अस्तित्व और पहचान से किस तरह जुड़ा है।

लोग अपने रोज़मर्रा के जीवन में प्रकृति के बिगड़ते संतुलन को विज्ञान की कई स्थापित धारणाओं से अधिक गहराई से महसूस करते हैं। | चित्र साभार: चूरा– आनंद रामा कृष्णन/एनसीएफ़ इंडिया

समुदाय के साथ जुड़कर काम करने का हमारा पहला प्रयास नाकाम रहा। संरक्षण को लेकर अपनी वैज्ञानिक समझ पर हमें इतना भरोसा था कि हम यह मानकर चल रहे थे कि हम सब कुछ जानते हैं। हमारी यह सोच अनुभवहीनता और अति-आत्मविश्वास से भरी थी। द्वीपों पर काम शुरू करने के बाद हमने बार-बार मछुआरों को यह कहते सुना कि लैगून में अब कम मछलियां पकड़ी जा रही हैं। हमने पंचायत की एक बैठक बुलाई और विज्ञान की पढ़ी-पढ़ाई बातों के आधार पर सुझाव दिया कि मछलियों की संख्या को फिर से बढ़ाने के लिए एक संरक्षित क्षेत्र बनाया जाए। लेकिन स्थानीय मछुआरों ने तुरंत हमारी बात का विरोध किया। उन्होंने हमें समझाया कि मछलियों की घटती संख्या का मछली पकड़ने की गतिविधि से कोई लेना-देना नहीं है। इसकी वजह हरे समुद्री कछुए हैं, जो समुद्री घास के मैदानों को बुरी तरह नष्ट कर रहे हैं। ये मैदान मछलियों की हज़ारों प्रजातियों को सहारा देते हैं और कई व्यावसायिक रूप से महत्वपूर्ण मछलियों के लिए प्रजनन, आश्रय और भोजन के अहम ठिकाने हैं। लक्षद्वीप के लोग आजीविका के लिए इन मछलियों पर निर्भर हैं।

उस बातचीत ने हमें अपनी सोच पर नए सिरे से विचार करने के लिए मजबूर किया। पारिस्थितिकी के बिगड़ने का असर लोग अपने रोज़मर्रा के जीवन में जिस तरह महसूस करते हैं, वह विज्ञान की हमारी समझ से कहीं अधिक गहरा होता है। इस अनुभव को समझने से हम उन समुदायों के बेहतर सहयोगी बन सकते हैं, जिनके साथ हम काम करते हैं। उस बैठक के बाद हमने एक दीर्घकालिक शोध कार्यक्रम शुरू किया, जो आज भी जारी है। यह कार्यक्रम हरे समुद्री कछुओं, समुद्री घास के मैदानों और मछुआरे समुदाय के बीच संबंधों पर केंद्रित है।

समुद्र में एक नाव की तस्वीर_विकास
समुदाय के बीच लगातार मौजूद रहने से जो भरोसा बना है, वह किसी भी आउटरीच से संभव नहीं हो सकता था। | चित्र साभार: चूरा– आनंद रामा कृष्णन/एनसीएफ़ इंडिया

लक्षद्वीप के लोगों के साथ कदम मिलाना

भरोसा बड़ी मुश्किल से बनता है, लेकिन इसको टूटते देर नहीं लगती। हम हमेशा इस बात का ध्यान रखते हैं कि लक्षद्वीप में हम चाहे जितने लंबे समय से रह रहे हों और काम कर रहे हों, यहां हमारी मौजूदगी स्थानीय लोगों की सद्भावना और उनके भरोसे की बदौलत ही है।

1996 में जब हम यहां आए थे, तब देशभर से कुछ चुनिंदा शोधकर्ता ही लक्षद्वीप आते थे। उनमें से भी बहुत कम ऐसे थे, जो हर साल कई-कई महीने द्वीप पर बिताते थे। यहां के लोगों ने हमारा गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने अपनी मेहमाननवाज़ी और हमारे वैज्ञानिक शोध के प्रति जिज्ञासा के साथ हमें अपनाया। एक बार किसी से रिश्ता बन जाता, तो वह आमतौर पर लंबे समय तक बना रहता। हमारे लिए एक और बात भी मददगार साबित हुई। हम यहां से लौट जाने की कोई योजना बनाकर नहीं आए थे। आज हम पिछले तीन दशकों से इस समुदाय का हिस्सा हैं। समुदाय के बीच लगातार मौजूद रहने से जो भरोसा बना है, वह किसी भी आउटरीच से हासिल नहीं किया जा सकता था। अब हम इस बात पर दृढ़ विश्वास करने लगे हैं कि जब समुदायों को पता होता है कि हमने वहां अपनी जड़ें जमा ली हैं और अच्छे-बुरे हर दौर में उनके साथ खड़े रहेंगे, तभी वे हमें अपना पक्का सहयोगी मानते हैं।

प्रकृति से जुड़ी शिक्षा में आमतौर पर जैव विविधता, पारिस्थितिकी और पर्यावरणीय संकटों पर ध्यान दिया जाता है। लेकिन यह कम ही समझाया जाता है कि अलग-अलग अनुभवों और ज़िम्मेदारियों के साथ जीने वाले लोगों के लिए इनका क्या मतलब है।

इसके अलावा, हम यह भी सुनिश्चित करते हैं कि पारंपरिक ज्ञान को हमेशा उचित मंच मिले और उसे प्राथमिकता दी जाए। साथ ही लोगों तक सही संदेश पहुंचाया जाए और द्वीपों पर पहले से मौजूद व्यवस्थाओं के दायरे में ही काम किया जाए। यह सुनिश्चित करने के लिए हमने कुछ तरीके अपनाए हैं:

1. कॉमिक्स, त्योहार और फिल्म स्क्रीनिंग

जब हमने यह सोचना शुरू किया कि स्थानीय समुदायों के साथ सार्थक ढंग से कैसे जुड़ा जाए, तो हमें समझ आया कि उनके लिए अपनी पहचान सबसे अहम है। प्रकृति से जुड़ी शिक्षा में आमतौर पर जैव विविधता, पारिस्थितिकी और पर्यावरणीय संकटों पर ध्यान दिया जाता है। लेकिन यह कम ही समझाया जाता है कि अलग-अलग अनुभवों और ज़िम्मेदारियों के साथ जीने वाले लोगों के लिए इनका क्या मतलब है। हमने पारिस्थितिकी, अर्थव्यवस्था, संस्कृति और इतिहास को एक-दूसरे से जोड़कर देखने की कोशिश की है। ये सभी मिलकर एक साझा पहचान बनाते हैं, जिसमें लोककथाएं, यादें और जीवन के अनुभव गहराई से जुड़े होते हैं।

शुरुआत में हमारे ये प्रयास बहुत सफल नहीं रहे। हमने सोशल मीडिया अभियानों के ज़रिए एक साथ सभी द्वीपों के लोगों तक पहुंचने की कोशिश की थी। लेकिन इस तरीके से वे लोग छूट गए, जो सोशल मीडिया पर सक्रिय नहीं थे या जिनके लिए हमारी भाषा और प्रस्तुति का तरीका सहज नहीं था। इसके बाद हमने अपनी रणनीति बदली और लोगों से ऐसे संवाद पर ध्यान दिया, जो उनकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी से जुड़ा हो और उन्हें सहज लगे। इसी सोच के तहत पूरे द्वीप में एक उत्सव आयोजित किया गया। इसमें सार्वजनिक कार्यक्रम, फ़िल्मों की स्क्रीनिंग और अलग-अलग हितधारक समूहों के साथ सीधे बातचीत शामिल थी। इसका उद्देश्य एक ही विषय को अलग-अलग माध्यमों और भाषाओं में प्रस्तुत करना था, ताकि वह अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

हमने मेलेम कीज़हेम नाम से एक कॉमिक सीरीज़ शुरू की। मलयालम में इसका अर्थ है ‘ऊपर और नीचे’। शुरुआत में यह पारिस्थितिकी, इतिहास और संस्कृति के आपसी संबंधों को समझने का एक प्रयोग था। लेकिन जल्द ही यह लक्षद्वीप के लोगों तक पहुंचने और उनसे जुड़ने का एक लोकप्रिय माध्यम बन गई। इस कॉमिक सीरीज़ के दो मुख्य पात्र हैं – मछुआरा अकबर और लंबी नाक वाली बटरफ़्लाईफ़िश अमीना। दोनों दोस्त बन जाते हैं और अपने दोस्तों व दूसरे पात्रों के साथ मिलकर ज़मीन से लेकर समुद्र की गहराइयों तक, द्वीपों पर जीवन को समझने की यात्रा करते हैं। इस सीरीज़ का मुख्य उद्देश्य लोगों में अपनी पहचान और गौरव की भावना को मज़बूत करना है। साथ ही, इसका मकसद यह दिखाना भी है कि द्वीपों के समुदाय और यहां की पारिस्थितिकी जिन साझा चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, उनसे निपटने के लिए सामूहिक मज़बूती की क्षमता कैसे विकसित की जा सकती है।

प्रकृति और पृथ्वी को दिखाने वाला एक रेखाचित्र_विकास
कम से कम आठ सदियों से इन द्वीपों पर रह रहे लक्षद्वीप के लोगों ने मुश्किल हालात में भी जीवन को संवारने के कई गुर सीख लिए हैं। | चित्र साभार: मेलेम कीज़हेम – केविन जॉर्ज, सोमेश एस मेनन और मालविका तिवारी 

द्वीपों के समुदायों के साथ हमारा जुड़ाव समय के साथ गहरा हुआ है। अब यह संवाद आपसी सीख और अनुभवों के सार्थक आदान-प्रदान में बदल गया है। हम उनसे सीख रहे हैं कि छोटे द्वीपों पर रहते हुए भी बेहतर जीवन कैसे जिया जा सकता है। लक्षद्वीप के लोग कम से कम आठ सदियों से इन द्वीपों पर रह रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी जीवन को संवारने के तरीके विकसित किए हैं। उनके साथ हमारा जुड़ाव भी इन्हीं तरीकों को समझने और दर्ज करने की एक यात्रा है। हम जानने की कोशिश कर रहे हैं कि मुश्किल हालात में भी कौन-सी बातें लोगों को मजबूती से टिके रहने में मदद करती हैं। अक्सर टिकाऊ जीवनशैली की बात ऐसे की जाती है, मानो उसे अपनाने के लिए बहुत कुछ छोड़ना पड़े। लेकिन लक्षद्वीप हमें सीमित संसाधनों में भी संतुष्ट और भरपूर जीवन जीने का एक अलग नज़रिया देता है। यहां जो उपलब्ध है, उसमें संतुष्ट रहने और उसका जश्न मनाने की परंपरा है। यही सोच द्वीपों के जीवन को दिशा देती है। इससे हमें एक बड़ी सीख मिलती है – ‘पर्याप्त ही पर्व है।’ लक्षद्वीप से मिली यह सीख द्वीपों के साथ हमारे रिश्ते की बुनियाद है।

2. गोताखोर और महिला संगठन

हाल के दिनों में, हम लक्षद्वीप के कुछ प्रमुख समूहों के साथ सीधे मिलकर काम करने के तरीकों पर विचार कर रहे हैं। इनमें स्थानीय डाइव ऑपरेटर भी शामिल हैं, जिनके साथ हमारा लंबे समय से कामकाजी रिश्ता रहा है। लक्षद्वीप में शोध शुरू करने के समय से ही वे हमारे सहयोगी रहे हैं और उन्होंने हमारे काम में अहम भूमिका निभाई है। वे वैज्ञानिक अभियानों में हमारे साथ रहे हैं और पानी के भीतर ज़्यादातर कामों में हमारी मदद करते आए हैं। हम यह भी जानते हैं कि वे रीफ़ में होने वाले बदलावों को रोज़ देखते हैं और कई बार इन पर हमारी टीम के वैज्ञानिकों से भी अधिक बारीकी से नज़र रखते हैं। एक तरह से देखें तो गोताखोर अक्सर रीफ़, द्वीपों के स्थानीय समुदायों और पर्यटकों के बीच संपर्क की पहली कड़ी होते हैं।

हमने इन डाइव ऑपरेटरों के साथ मिलकर उनके लिए एक एसोसिएशन बनाने की दिशा में काम किया, ताकि वे अलग-अलग काम करने के बजाय एक साथ आ सकें, अपने अनुभव एक-दूसरे के साथ साझा कर सकें और अपनी आजीविका को बेहतर बनाने की दिशा खुद तय कर सकें। हमने उनके साथ मिलकर वर्कशॉप की रूपरेखा तैयार की और ऐसी गतिविधियों की योजना बनाई, जिनसे उनका आपसी सहयोग और मज़बूत हुआ। उदाहरण के लिए, इनमें से कई गोताखोर पानी के भीतर मौजूद अपने कुछ ख़ास ठिकानों के बारे में एक-दूसरे को नहीं बताते थे। लेकिन इस समूह का हिस्सा बनने के बाद, वे आपस में ऐसी बहुत सी जानकारियां साझा करने लगे।

समुद्र में एक नाव की तस्वीर_विकास
लक्षद्वीप घूमने आने वाला हर पर्यटक, जो यहां गोताखोरी करता है, लक्षद्वीप की जैव विविधता का संरक्षक बन सकता है। | चित्र साभार: चूरा– आनंद रामा कृष्णन/एनसीएफ़ इंडिया 

लक्षद्वीप डाइवर्स इकोलॉजी नेटवर्क के दो मुख्य उद्देश्य हैं। पहला, लक्षद्वीप के डाइव ऑपरेटरों को एक ऐसा साझा मंच देना, जहां वे इस बात पर सहमति बना सकें कि गोताखोरी पर्यटन को बढ़ावा देते हुए पर्यावरण के लिहाज़ से बेहतर और टिकाऊ तरीके कैसे अपनाए जाएं। लक्षद्वीप आने वाला हर पर्यटक, जो यहां गोताखोरी करता है, यहां की जैव विविधता का प्रचारक बन सकता है। वह द्वीपों के विकास की बेहतर और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील योजनाओं की पैरवी भी कर सकता है। इस सोच को हक़ीक़त में बदलने के लिए नेटवर्क डाइव ऑपरेटरों को ऐसे अनुभव तैयार करने में मदद करता है, जिनके ज़रिए पर्यटक समुद्री इकोलॉजी के महत्व को समझ सकें। दूसरा उद्देश्य नेटवर्क के सदस्यों के बीच निष्पक्ष सहयोग को बढ़ावा देना और पूरे द्वीपसमूह में गोताखोरी की गतिविधियों को आपसी सहमति से तय नियमों के तहत संचालित करना है। इससे स्थानीय डाइव ऑपरेटरों के बीच सहयोग बढ़ सकता है। यह इसलिए भी ज़रूरी है, क्योंकि अब बाहरी डाइव ऑपरेटर भी लक्षद्वीप के पर्यटन क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं। उनके पास अधिक पूंजी और अपेक्षाकृत विकसित कारोबारी मॉडल हैं, जिसके चलते स्थानीय ऑपरेटरों के कामकाज पर उनका दबदबा बढ़ सकता है।

इसी तरह, द्वीपश्री नाम के एक स्थानीय महिला समूह के साथ सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से जुड़ी महिलाओं से बातचीत ने हमें एक अलग नज़रिया दिया। यह समूह केरल के कुडुंबश्री मॉडल की तरह काम करता है। इन बातचीतों से हमें समझने में मदद मिली कि लोगों के लिए कौन-से मुद्दे मायने रखते हैं और समुदाय किस तरह संगठित होता है। हमने पाया कि हर द्वीप पर महिलाओं की बातचीत का एक प्रमुख विषय मीठे पानी की उपलब्धता था। यह पुरुषों से अलग था, जिनकी दिलचस्पी जलवायु परिवर्तन को एक व्यापक अवधारणा के रूप में समझने में अधिक थी। 

जब हमने उनसे पूछा कि ऐसा क्यों है, तो महिलाओं ने बताया कि वे घरों में पुरुषों के साथ पानी के प्रबंधन की बराबर ज़िम्मेदारी संभालती हैं। उनका मानना था कि पानी कितना इस्तेमाल होता है और कितना बर्बाद होता है, इस पर उनका सीधा नियंत्रण है। उस समय तक हमारी चर्चा केवल इस बात तक सीमित थी कि मीठा पानी एक सीमित संसाधन है। लेकिन महिलाओं ने हमें समझाया कि पानी का बेहतर प्रबंधन भी उतना ही ज़रूरी है। उन्होंने ख़ुद उन जगहों की पहचान की, जहां घरों में पानी बर्बाद हो रहा था और इसे रोकने के लिए बदलाव के सुझाव भी दिए।

हर द्वीप पर महिलाओं की बातचीत का एक प्रमुख विषय मीठे पानी की उपलब्धता था। यह पुरुषों से अलग था, जिनकी दिलचस्पी जलवायु परिवर्तन को एक व्यापक अवधारणा के रूप में समझने में अधिक थी। 

महिलाओं से बातचीत में हमें यह भी समझ आया कि मछली पकड़ने से जुड़ा पारंपरिक ज्ञान स्त्री-पुरुष की भूमिकाओं के आधार पर बंटा हुआ है। पुरुष जब मछली पकड़ने की बात करते हैं, तो अक्सर इसे आजीविका के नज़रिए से देखते हैं। लेकिन महिलाओं के लिए इसका एक बड़ा महत्व परिवार के पोषण से जुड़ा है, क्योंकि परिवार की थाली तक खाना पहुंचाने की ज़िम्मेदारी वह उठाती हैं। मछली पकड़ने को आमतौर पर पुरुषों का काम माना जाता है। लेकिन जब हमने यह दर्ज करना शुरू किया कि पारंपरिक ज्ञान किन-किन रूपों में मौजूद है, तो पता चला कि समुद्र तट से छोटे समुद्री जीवों और दूसरे खाद्य संसाधनों को जुटाने के काम को अक्सर नज़रअंदाज़ कर दिया जाता है। महिलाएं ही समुद्र तट से ऑक्टोपस पकड़ने और सीपियां बटोरने जाती हैं। कई छोटे लड़कों के लिए भी अपनी मां के साथ समुद्र तट पर जाकर मछलियां और दूसरे समुद्री खाद्य संसाधन जुटाना ही मछली पकड़ने का पहला अनुभव होता है। इस बात ने हमें मछली पकड़ने के पारंपरिक ज्ञान को देखने का अपना नज़रिया बदलने पर मजबूर किया।

सतत विकास और डांवाडोल आर्थिक सहयोग 

बीते कई सालों के दौरान हमने जाना है कि लक्षद्वीप में संकटों का सामना करने और उनसे उबरने की क्षमता विकसित करने के लिए ज़मीन, भोजन, पानी, अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचे पर ध्यान देना ज़रूरी है। यही वे बुनियादी स्तंभ हैं, जो इन द्वीपों को रहने लायक बनाते हैं। लक्षद्वीप में हमारा काम इस बुनियादी चुनौती को ध्यान में रखकर आगे बढ़ता है कि जलवायु परिवर्तन और अव्यवस्थित विकास के बावजूद इस द्वीप को भविष्य में भी रहने लायक कैसे बनाए रखा जाए।

द्वीप के सभी लोगों की राय एक जैसी हो, ऐसा भी नहीं है। बल्कि ऐसा सूचना नासमझी है। समुदाय के कई लोग तेज़ी से हो रहे विकास को आर्थिक अवसरों के रूप में देखते हैं, जबकि कुछ दूसरे इसे यहां की पारिस्थितिकी और संस्कृति के लिए ख़तरा मानते हैं। एक और अहम चिंता यह है कि विकास से होने वाले लाभों का बंटवारा किस तरह होता है और उसमें किसकी कितनी हिस्सेदारी है। हम यह दावा नहीं करते कि हमारे पास इन मतभेदों के जवाब हैं। लेकिन हम इस संवाद का हिस्सा बने रहना चाहते हैं, ताकि बदलाव से पैदा होने वाले ख़तरों और अवसरों, दोनों की चर्चाओं में लगातार शामिल रह सकें।

हालांकि, इस तरह के काम के लिए समुदाय से लंबे समय तक जुड़े रहना ज़रूरी है। हम पिछले तीन दशकों से लक्षद्वीप में काम कर रहे हैं और फिलहाल यहां से जाने की हमारी कोई योजना नहीं है। लेकिन फंडिंग देने वाली कुछ मुट्ठी भर संस्थाएं ही इस तरह की प्रतिबद्धता की अहमियत समझती हैं। वे अक्सर हमसे पूछती हैं कि हम कब लक्षद्वीप से अपना काम समेटेंगे?

हमारे पास इस सवाल का कोई जवाब नहीं है। हम मानते हैं कि संरक्षण से जुड़ी चुनौतियां कोई ऐसी पहेली नहीं हैं, जिसका एक बार समाधान खोज लेने के बाद हम नए काम की ओर बढ़ जाएं। संरक्षण के प्रयासों को केवल सफलता या विफलता के पैमाने पर देखना सही नहीं है। ऐसा नज़रिया ज़मीनी स्तर पर संरक्षण के काम की जटिलताओं, उससे मिलने वाली सीख और लगातार बदलती हक़ीक़त को नज़रअंदाज़ करता है।

समुद्र के किनारे सूर्यास्त के समय दिन बिताता एक परिवार_विकास
महिलाओं से बातचीत के दौरान हमें यह भी समझ आया कि मछली पकड़ने से जुड़ा पारंपरिक ज्ञान स्त्री-पुरुष की भूमिकाओं के आधार पर बंटा हुआ है। | चित्र साभार: चूरा– आनंद रामा कृष्णन/एनसीएफ़ इंडिया 

विडंबना यह है कि जिस काम के आधार पर हमारी बाकी सभी गतिविधियां आगे बढ़ती हैं, उसी के लिए आर्थिक सहयोग जुटाना सबसे मुश्किल है। यह काम है पिछले तीन दशकों से रीफ़ पर लगातार किया जा रहा बुनियादी शोध और उनकी निगरानी। आज कुछ फंडर इस काम को गैर-ज़रूरी मानने लगे हैं, जबकि जलवायु परिवर्तन का संकट लगातार गहराता जा रहा है।

पहले हमें ज़्यादातर फंडिंग अंतरराष्ट्रीय शोध संस्थानों और सरकारी अनुदानों से मिलती थी। लेकिन अब, जब हम अपने काम का दायरा बढ़ा रहे हैं, तो हमें सीएसआर फ़ाउंडेशनों को भी अपने काम का महत्व समझाना पड़ता है। अक्सर ये संस्थाएं इंपैक्ट को बहुत सीमित नज़रिए से देखती हैं और उसे केवल आंकड़ों के ज़रिए मापना चाहती हैं। जबकि हमारा काम ऐसी व्यवस्था बनाने पर केंद्रित है, जिसमें बदलाव को व्यापक और आपस में जुड़े पहलुओं के रूप में देखा जाता है। ऐसे में, इंपैक्ट को केवल आंकड़ों तक सीमित रखने का नज़रिया हमारे काम से मेल नहीं खाता।

हम हार मानने को तैयार नहीं हैं, क्योंकि हम जानते हैं कि हमारे और स्थानीय समुदायों के बीच एक बुनियादी फर्क है। कोई संस्था किसी जगह से अपना काम समेटकर जा सकती है, लेकिन वहां रहने वाले लोगों के पास कहीं और जाकर बसने या अपनी ज़िंदगी नए सिरे से शुरू करने का विकल्प नहीं होता। जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए स्थानीय लोगों के साथ काम करते हुए, हम लक्षद्वीप की एक ऐसी तस्वीर सामने लाना चाहते हैं, जो सिर्फ़ सफ़ेद रेतीले तटों और नीले लैगून तक सीमित न हो।

हम चाहते हैं कि समाज यहां के जीवन, इतिहास और पीढ़ियों से संजोए गए ज्ञान के ज़रिए भी लक्षद्वीप को समझे।

–

अधिक जानें

  • जानिए, प्रकृति को बचाने वालों का ख़याल कौन रखेगा?
  • जानिए, जलवायु परिवर्तन फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं के जीवन को कैसे प्रभावित करता है?
  • जानिए​, नागालैंड की महिलाएं कैसे जलवायु अनुकूलन की नई राह दिखा रही हैं?

लेखक के बारे में

  • अल बदुश ए. मरीन इकोलॉजी रिसर्चर हैं और नेचर कंज़र्वेशन फ़ाउंडेशन में वरिष्ठ शोध सहायक के रूप में कार्यरत हैं। वह एक दशक से भी अधिक समय से संस्था के ओशन्स एंड कोस्ट्स कार्यक्रम से जुड़े हुए हैं। मूल रूप से केरल के रहने वाले बदुश का काम समुद्री कछुओं और समुद्री घास के पारिस्थितिकी तंत्र, मत्स्य पालन, जलवायु परिवर्तन और कम ऊंचाई वाले द्वीपों जैसे विषयों पर केंद्रित है। इस काम में लक्षद्वीप पर उनका विशेष फ़ोकस रहता है। बदुश विज्ञान संचारक और संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय पेशेवर भी हैं। शोध, कहानी और समुदायों के साथ संवाद के ज़रिए वह विज्ञान, संस्कृति और समुदाय के बीच बेहतर तालमेल बनाने की दिशा में काम करते हैं।
  • रोहन आर्थर नेचर कंज़र्वेशन फ़ाउंडेशन के संस्थापक ट्रस्टी में से एक हैं। वह भारत के समुद्रों और तटीय क्षेत्रों में समुद्री संरक्षण वैज्ञानिक के रूप में काम करते हैं। उनका शोध जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन से तट के पास समुद्र तल पर मौजूद पारिस्थितिकी तंत्रों पर पड़ने वाले प्रभाव पर केंद्रित है। इनमें रीफ़ और समुद्री घास के मैदान शामिल हैं। रोहन यह भी अध्ययन करते हैं कि पारिस्थितिकी तंत्र के पतन का कम ऊंचाई वाले द्वीपों पर क्या असर पड़ता है। इसके साथ ही, वह यह समझने का काम करते हैं कि तटीय समुदाय बदलती परिस्थितियों के साथ कैसे तालमेल बिठा सकते हैं
IDR Hindi Instagram