ईकोसिस्टम डेवलपमेंट

फेयरवेल: किसी संस्था को अलविदा कहने का पूरा सिलेबस

किसी संस्था में फेयरवेल कैसे होता है? तारीफ़ों की झड़ी से लेकर कार्ड पर दस्तख़त तक, किसी विदाई-समारोह के सभी पड़ाव।
IDR Hindi Instagram

संस्था से किसी साथी के जाने की खबर बेशक अचानक आती है, लेकिन इसके बाद विदाई की प्रक्रिया लगभग एक महीने तक चलती है, ठीक किसी सरकारी योजना की तरह। फ़र्क सिर्फ इतना-सा है कि योजना में फंड आता है, जबकि यहां सिर्फ़ रिमाइंडर। 

चरण 1: मेल और कैनवा

एचआर के ईमेल के साथ आता है एक सुंदर-सा कैनवा डिज़ाइन।

“हमारे साथी जल्द ही विदा ले रहे हैं। आइये, उनके लिए शुभकामनायें लिखें।”

कुछ लोग बिना देरी किए उसी दिन लिख देते हैं — “आपके साथ काम करने का बहुत अच्छा अनुभव रहा। आपको भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनायें।”

(यह वही संदेश है जो पिछले साल तीन और लोगों को भी गया था। कभी-कभी तो नाम बदलना भी रह जाता है।)

बाकी लोग सोचते हैं, “अभी तो दो हफ़्ते बाकी हैं!” और दो हफ़्ते बाद सोचते हैं, “आज पक्का लिख दूंगा।”

फिर पहला रिमाइंडर आता है।
फिर दूसरा।
फिर तीसरा, जिसमें “gentle” शब्द के पीछे से “लिख दो यार” साफ़ सुनाई देता है।
और आख़िर में एक पर्सनल मैसेज आता है, एक स्माइली के साथ: “Hi, gentle reminder”

उस स्माइली में जितनी हिंसा दिखाई देती है, उतनी किसी थ्रिलर में भी नहीं मिलती।

चरण 2: फोटो की खोज

अब एचआर को चाहिए होती है जाने वाले साथी की एक अच्छी-सी फोटो। तब पूरी संस्था अचानक फोटो आर्काइव बन जाती है, एक ऐसा आर्काइव जिसका कोई इनबॉक्स नहीं।

“किसी के पास इनके साथ की कोई फोटो है?”
 “है तो, पर उसमें चार लोग और भी हैं।”
 “कोई और?”
 “एक है, पर उसमें ये पीछे खड़े हैं।”
 “वही भेज दो।”

आख़िर में 2019 की एक फोटो मिलती है, जिसमें हमारे साथी कोने में आधे ही दिख रहे होते हैं। उनका आधा हिस्सा किसी के समोसे के पीछे छिपा होता है।”यही लगा दो, बहुत नेचुरल है!”

नेचुरल इसलिए कि उन्हें पता ही नहीं था कि फोटो खींची जा रही है।

फिर वीडियो बनता है: चार पुरानी तस्वीरें, कुछ संदेश और पीछे बजता एक भावुक गाना, जो हर फेयरवेल में बजता है। जाने वाले को लगता है कि उनके आठ साल का हिसाब दो मिनट में निपटा दिया गया।

चरण 3: फेयरवेल वाला दिन (हाइब्रिड संस्करण)

कुछ लोग ऑफिस में हैं, कुछ स्क्रीन पर।

“सब कैमरा ऑन करें, आज फेयरवेल है!”

किसी का कैमरा नहीं चल रहा,किसी का नेटवर्क गया है, तो किसी की आवाज़ नहीं आ रही।

“आप म्यूट पर हैं।”
“अब आ रही है?”
“नहीं।”
“अब?”
“नहीं… होंठ हिल रहे हैं, मगर आवाज़ नहीं आ रही।”

ऑफिस फ़ेयरवेल में इस्तेमाल होने वाली चीजों का रेखाचित्र_फेयरवेल
चित्र साभार: चैटजीपीटी

चरण 4: भाषण

“इनके साथ काम करके बहुत कुछ सीखा…”
“इनके बिना ऑफिस वैसा नहीं रहेगा…”
“अभी भी विश्वास नहीं हो रहा…”

यही डायलॉग पिछले साल किसी और के लिए भी चले थे, और अगले साल किसी और के लिए चलेंगे। बस इस बार भावुकता ज़्यादा है, क्योंकि जाने वाले सबकी गलतियां चुपचाप ठीक कर देते थे और कभी क्रेडिट नहीं मांगते थे। यह बात उनके रहते कभी किसी ने नहीं कबूली।

फिर तारीफ़ों की बारिश शुरू होती है:

“आप बहुत काबिल हैं।”
“आपके बिना काम करना बहुत मुश्किल होगा।”
“आप हमारी असली संपत्ति रहे हैं।”

जाने वाला साथी बेहद हैरान होकर, मन-ही-मन सोचता है: “अगर मैं इतना ही क़ीमती था, तो यार मैं जा ही क्यों रहा हूं?” फिर याद आता है कि जब तक ऑफिस में थे, इन्हीं लोगों ने कभी चैन से जीने नहीं दिया। हर काम में कमी निकाली, हर रिपोर्ट पर “एक बार और देख लो” कहा, और अब यहीलोग उन्हें “असली संपत्ति” बता रहे हैं। 

क्या असली संपत्ति की क़द्र हमेशा उसके इस्तीफ़े के बाद ही होती है?

फिर कोई माइक उठाता है: “मैं ज़्यादा समय नहीं लूंगा…”

और अगले बीस मिनट “बस एक आख़िरी बात” चलती रहती है।

चरण 5: ग्रुप फोटो

ऑफलाइन वाले सिमट आते हैं।
“ऑनलाइन वाले भी कैमरा ऑन करो, आपको भी कैप्चर करना है!”

स्क्रीनशॉट लिया जाता है। किसी का चेहरा आधा है। किसी का कैमरा बंद है, बस नाम चमक रहा है। और कोई ठीक उसी पल फ्रीज़ हो गया है, मुंह खुला, आंखे बंद, जैसे जीवन का सबसे गहरा सच देख लिया हो।

जाने वाले साथी सोचते हैं, “मैं तो दिख ही नहीं रहा!”

चरण 6: केक

केक पर क्या लिखें, इस पर पंद्रह मिनट की मीटिंग पहले ही हो चुकी है। “All the best”, “We will miss you”, “Good luck” या “नई पारी के लिए शुभकामनायें” जैसे सुझाव आ चुके हैं। 

पर जगह कम है। आख़िर में बचता है, तो सिर्फ़ नाम और “Best Wishes”

(नाम की स्पेलिंग में एक मात्रा गलत होना लगभग तय है। इसे भी परंपरा माना जाता है।)

सब भावुक होकर कहते हैं, “आपके जाने से बहुत खालीपन आ जाएगा।”

और उसी खालीपन में किसी को याद आता है:

“वैसे, वो कंटेंट पाइपलाइन वाली शीट अब कौन संभालेगा?”

भावनायें अपनी जगह हैं, पर एक्सेल का नाम आते ही पूरी संस्था को भविष्य की चिंता सताने लगती है। कमरे में सन्नाटा छा जाता है और सब एक-दूसरे से नज़रें बचाने लगते हैं। जिसकी नज़र नहीं बचती, शीट उसी की।

चरण 7: “हम संपर्क में रहेंगे!”

ऑफिस वाले गले मिलते हैं, ऑनलाइन वाले “Leave meeting” दबा देते हैं, और जाते-जाते सब कहते हैं:

“हम संपर्क में रहेंगे!”

कुछ दिन बाद लिंक्डइन पर एक लाइक आता है।

कुछ महीने बाद फोन आता है:

“भाई, एक छोटी-सी मदद चाहिए थी…”
“हां, बोलिए।”
“वो 2023 वाली रिपोर्ट और उसका एडिटेबल वर्ज़न आपके पास है क्या?”

संपर्क में रहने का असली मतलब तो यही था।

संस्था से इंसान चला जाता है, शुभकामनायें उसके साथ चली जाती हैं। पर उसकी फाइलें, पासवर्ड और “ये तो सिर्फ़ वही जानते थे” वाला ज्ञान कभी रिटायर नहीं होता।

लेखक के बारे में

  • इंद्रेश शर्मा आईडीआर हिंदी में पार्टनरशिप और आउटरीच हेड हैं। वे संगठन की पहुंच बढ़ाने और असरदार साझेदारी बनाने के लिए विकास सेक्टर से जुड़े विभिन्न हितधारकों के साथ मिलकर काम करते हैं। इन्द्रेश संस्थागत सहयोग को मजबूत करने के साथ-साथ जमीनी संगठनों के लिए कैपेसिटी बिल्डिंग से जुड़े लेखन में भी सक्रिय रूप से योगदान देते हैं। उनके पास विकास सेक्टर में 13 वर्षों से अधिक का पेशेवर अनुभव है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, ग्रामीण विकास और पंचायती राज जैसे क्षेत्रों में काम किया है। इससे पहले वे प्रथम और सेंटर फॉर पॉलिसी रिसर्च संस्थाओं से जुड़े रहे हैं, जहां उन्होंने रिसर्च, कार्यक्रम निर्माण और प्रशिक्षण जैसे कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई है।
  • जूही मिश्रा आईडीआर हिंदी में ऑपरेशन्स हेड हैं। उन्हें पत्रकारिता का 14 साल का अनुभव है और उन्होंने पत्रिका, टाइम्स ऑफ इंडिया, रोर मीडिया, दूता टेक्नोलॉजी और ग्राम वाणी के साथ काम किया है। जूही ने विकास संवाद संस्था से फेलोशिप पूरी की है, जहां उन्होंने बसोर समुदाय में खाद्य प्रणालियों और कुपोषण के कारणों पर शोध किया।
IDR Hindi Instagram