

फुटसेरो नागालैंड के दक्षिणी पर्वतीय हिस्से में चोटी पर बसा एक छोटा, पहाड़ी ग्रामीण कस्बा है। समुद्र तल से 2,133 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह नागालैंड की सबसे ऊंचाई पर बसी दर्ज बस्ती है और इसलिए राज्य का सबसे ठंडा कस्बा भी है। यहां के अधिकांश निवासी चाखेसांग जनजाति से हैं, जो नागालैंड की आधिकारिक तौर पर मान्यता प्राप्त 17 जनजातियों में से एक है।
यह कस्बा कई गांवों से घिरा हुआ है और इन गांवों के लोग बैंक, कभी-कभार काम करने वाले दो एटीएम, सरकारी अस्पताल और कॉलेज जैसी सुविधाओं के लिए यहां आते हैं। इसके अलावा लोग यहां उन कॉसमॉस फूलों को देखने भी आते हैं, जिनके लिए यह कस्बा जाना जाता है।
कॉसमॉस के फूल अपने आप उगते और फलते-फूलते हैं। वे वसंत के अंत में अंकुरित होते हैं और शरद ऋतु में सफेद, गुलाबी, नारंगी और गहरे लाल रंगों में खिलते हैं। फिर वे अपने बीज गिराते हैं और अगले साल दोबारा उग आते हैं। ये लगभग कहीं भी उग और खिल सकते हैं—धूल भरी सड़कों के किनारे, दीवारों की दरारों में, फूलों की क्यारियों की उपजाऊ मिट्टी में और हमारे पड़ोस की दीवारों के बीच की जगहों में। ये फूल अपने आप पनपते हैं और पूरे कस्बे में आसानी से उग आते हैं। यही वजह है कि फुटसेरो को ‘कॉसमॉस टाउन’ के नाम से जाना जाने लगा।
हालांकि, पिछले दो दशकों में बढ़ती आबादी, नए घरों, सड़कों, दुकानों और दूसरी सुविधाओं के कारण कस्बे में कई बदलाव आए हैं। इन बदलावों के साथ कॉसमॉस के फूलों की संख्या भी कम होती गई है।
1980 के दशक के फुटसेरो की यादों से प्रेरित होकर, हमने (2005 में स्थापित 34 सदस्यों का कालोस सोसाइटी समूह) कस्बे में कॉसमॉस फूलों को फिर से फैलाने के उद्देश्य से कॉसमॉस कलाईडोस्कोप नाम की एक पहल शुरू की। हम सभी कस्बे के निवासी हैं और पहले भी फुटसेरो एक्सपीरियंस, मुफ़्त स्वास्थ्य शिविर, वरिष्ठ नागरिकों के लिए कार्यक्रम, फीफा मैचों की सामुदायिक स्क्रीनिंग, कॉन्सर्ट, मैराथन और वार्षिक राहत कार्यक्रम जैसे कई आयोजन और परियोजनाएं कर चुके हैं।
वर्ष 2020 में हमने कस्बे और आसपास के गांवों में बचे हुए कॉसमॉस फूलों से लगभग 20 किलोग्राम बीज इकट्ठा किए और उन्हें स्थानीय निवासियों में बांटा। यह पूरी पहल समुदाय की भागीदारी पर आधारित थी। कस्बे के 11 वार्डों में से हर एक को निश्चित मात्रा में बीज दिए गए और अपने-अपने वार्ड में कॉसमॉस के बीज फिर से बोने और साफ़-सफाई बनाए रखने की ज़िम्मेदारी दी गई। अक्टूबर 2020 में कॉसमॉस के फूलों के खिलने के मौसम के दौरान हमने एक कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें फोटोग्राफ़ी, पेंटिंग, लेखन और गायन जैसी कई प्रतियोगिताओं के साथ अलग-अलग फूलों की एक प्रदर्शनी भी लगाई गई।
इसके बाद कस्बे में कॉसमॉस फूलों की संख्या तेज़ी से बढ़ी। हमने यह भी देखा कि जब लोगों को किसी पहल में शामिल करने के लिए मज़ेदार, व्यावहारिक गतिविधियों का रास्ता अपनाया जाता है, तो सामुदायिक भागीदारी प्रभावी ढंग से काम करती है। इससे लोग व्यक्तिगत और सामूहिक, दोनों स्तरों पर उस काम को अपनी ज़िम्मेदारी समझने लगते हैं।
साल भर कालोस ने साफ-सफाई और कॉसमॉस के बीज दोबारा बोने की अपील में समुदाय की भागीदारी को देखा और सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले चार वार्डों को नकद पुरस्कार दिए।
इन पुरस्कारों के लिए राशि भी समुदाय से ही आती है। हम सरकार, सीएसआर या किसी अन्य संगठन से फंड नहीं मांगते। शुभचिंतक, चर्च, नगर प्रशासन और स्थानीय व्यापारिक संगठन कभी-कभी आर्थिक सहयोग करते हैं और कार्यक्रमों व आयोजनों में भी मदद करते हैं। हम जानबूझकर अपनी आर्थिक स्वतंत्रता बनाए रखना चाहते हैं। समूह के कुछ सदस्य आर्थिक सहयोग करते हैं, जबकि अन्य अपने कौशल और संपर्कों के ज़रिए योगदान देते हैं।
अगले वर्षों में हमने खुद कॉसमॉस कलाईडोस्कोप का आयोजन जारी नहीं रखा। कॉसमॉस उत्सव का विचार भले ही हमारे समूह ने शुरू किया था, लेकिन धीरे-धीरे यह पूरे समुदाय का साझा सपना बन गया। इसके बाद दूसरे युवा समूहों ने भी इस विचार को अपनाया और हमारी भागीदारी के बिना अगले कुछ वर्षों में कॉसमॉस उत्सव आयोजित किए। बाद में कॉसमॉस के बीज आसपास के गांवों और कापामोद्ज़ु जैसी जगहों तक भी पहुंचाए गए, जो पिछले कुछ वर्षों में बड़े पर्यटन आकर्षण के रूप में उभरी हैं।
कॉसमॉस के फूल एक बार फिर फुटसेरो को रंगों से भर देंगे और हमें उम्मीद है कि इस साल हम फिर से एक कॉसमॉस उत्सव आयोजित कर पाएंगे।
कुपेल्ही लोसू, फुटसेरो के एक सक्रिय सामुदायिक आयोजक, सामाजिक कार्यकर्ता और सिविल सोसाइटी लीडर हैं।
आईडीआर नॉर्थईस्ट फेलो 2026–27 कुवेथिलु थुलुओ के साथ बातचीत पर आधारित।
–
अधिक जानें: जानिए, असम के किसान की एक फूल बचाने के लिए जंगल उगाने की कोशिश।
अधिक करें: लेखक से जुड़ने और उन्हें सहयोग देने के लिए उनसे [email protected] पर संपर्क करें।
लेखक के बारे में
- कुपेल्ही लोसू नागालैंड के फेक ज़िले के फुटसेरो के एक सक्रिय सामुदायिक आयोजक, सामाजिक कार्यकर्ता और सिविल सोसाइटी लीडर हैं। वह फुटसेरो स्थित सिविल सोसाइटी संगठन कालोस सोसाइटी के निदेशक हैं, जो सामुदायिक कल्याण, कानूनी साक्षरता, पारंपरिक विरासत के संरक्षण और युवाओं की भागीदारी से जुड़े मुद्दों पर काम करता है। उनके नेतृत्व में संगठन ने कई उल्लेखनीय स्थानीय पहलों का नेतृत्व किया है, जिनमें सामुदायिक कार्यक्रम और सीज़न्ड सोल्स सोशल शामिल हैं। यह क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान देने और उनके योगदान का उत्सव मनाने के लिए आयोजित एक विशेष कार्यक्रम है।
