विविधता और समावेश

समुदाय को केंद्र में रखकर काम करने के असल मायने क्या हैं?

विकास सेक्टर में समुदाय-केंद्रित काम की बात तो खूब होती है, लेकिन योजनाओं और फैसलों में समुदाय की भूमिका अक्सर सीमित रह जाती है।
IDR Hindi Instagram

विकास सेक्टर की लगभग हर बैठक, हर प्रस्ताव और हर रिपोर्ट में हमें ‘समुदाय’ शब्द सुनने को मिलता है। जैसे, ‘समुदाय-केंद्रित’, ‘समुदाय-संचालित’, ‘समुदाय की भागीदारी’ आदि। पिछले चार-पांच वर्षों में महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, बिहार और दिल्ली में ग्रामीण, आदिवासी और शहरी बस्तियों के साथ काम करने के दौरान भी अक्सर पाया कि बातचीत में तो समुदाय शब्द बार-बार आता है, लेकिन योजनाएं बनाने और फैसले लेने की प्रक्रिया में उसकी भूमिका सीमित रहती है।

किसी योजना में समुदाय को शामिल करना और उसे योजना की दिशा तय करने का अवसर देना दो अलग बातें हैं। वहीं, कई बार संस्था या फंडर पहले ही तय कर चुके होते हैं कि किस मुद्दे पर काम करना है, कितने लोगों तक पहुंचना है और कितने समय में लक्ष्य तक पहुंचना है। समुदाय तक योजना तब पहुंचती है, जब उसमें उसकी भागीदारी की अपेक्षा की जाती है। नतीजा यह होता है कि विकास के दावे रिपोर्टों में तो दिखाई देते हैं, लेकिन लोगों की ज़िंदगी पर उसका असर सीमित रह जाता है। इसलिए सवाल केवल यह नहीं होना चाहिए समुदाय से कितनी बातचीत हुई, बल्कि इस पर भी गौर फरमाना चाहिए कि समुदाय से बातचीत के बाद संस्था ने अपने काम में क्या बदलाव किया है।

समुदाय के साथ काम करने के लिए उसकी ज़रूरतों को समझना ज़रूरी होता है। इसे नीड-बेस्ड अप्रोच कहते हैं। इसके तहत संस्थाएं समुदाय की समस्याओं और आवश्यकताओं के आधार पर अपनी सेवाएं उपलब्ध कराती हैं और अपने काम की दिशा तय करती हैं। लेकिन केवल ज़रूरतों पर ध्यान देना काफी नहीं होता है। इसी वजह से समुदाय के साथ काम करने के लिए स्ट्रेंथ-बेस्ड अप्रोच को ज़्यादा असरदार माना जाता है। यह अप्रोच समुदाय के मौजूदा कौशलों, उसके पारंपरिक ज्ञान, स्थानीय संसाधनों और सामूहिक क्षमताओं को पहचानकर उनके आधार पर काम करने पर ज़ोर देता है। दोनों तरीकों के बीच यही फर्क है कि पहले में समुदाय मुख्यतः सेवाओं का प्राप्तकर्ता होता है, जबकि दूसरे में वह समाधान तैयार करने की प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार बनता है।

‘समुदाय-केंद्रित’ लिख देना ही काफ़ी नहीं

अक्सर संस्थाएं अपने काम को समुदाय-केंद्रित बताती हैं, लेकिन व्यवहार में हम देखते हैं कि कई कार्यक्रम और परियोजनाएं संस्थागत सहयोग या फंडिंग समाप्त होते ही या तो कमज़ोर पड़ने लगती हैं या पूरी तरह बंद हो जाती हैं। इससे यह सवाल उठता है कि किसी संस्था के काम का वास्तविक केंद्र समुदाय है या उसके अपने कार्यक्रम और लक्ष्य?

किसी संस्था की प्राथमिकताएं और काम का तरीका इस बात से सामने आता है कि वह योजनाएं कैसे बनाती है, किन मुद्दों को प्राथमिकता देती है, समुदाय की भागीदारी कितनी सुनिश्चित करती है और फैसले लेते समय किनकी ज़रूरतों और अनुभवों को अहमियत देती है।

कुछ पौधों के सामने खड़ी कुछ महिलाएं_समुदाय
समुदाय के साथ काम करने के लिए उसकी ज़रूरतों को समझना ज़रूरी होता है। | चित्र साभारः सीआईएमएमवायटी \ सीसी बीवाय

मसलन, शिक्षा के क्षेत्र में काम करने वाली किसी संस्था की सफलता सिर्फ इससे नहीं मापी जा सकती कि उसने कितने बच्चों का स्कूल में दाखिला कराने में मदद की। उसकी सफलता का असल पैमाना यह होना चाहिए कि बच्चों की सीखने की क्षमता और उनके शैक्षणिक अनुभवों में सुधार आया या नहीं? इसी तरह, महिला सशक्तिकरण पर काम करने वाली किसी संस्था के लिए केवल महिलाओं को प्रशिक्षित करना काफी नहीं है। यह देखना भी ज़रूरी है कि वे अपनी ज़िंदगी से जुड़े फैसले लेने में सक्षम हुईं या नहीं और परिवार व समुदाय में उनकी बात की अहमियत पहले से ज़्यादा बढ़ी या नहीं?

दरअसल, किसी कार्यक्रम की सफलता का पैमाना यह होना चाहिए कि उससे समुदाय के जीवन और निर्णय लेने की क्षमता में कितना वास्तविक और टिकाऊ बदलाव आया है, न कि इससे कि कितनी गतिविधियां पूरी हुईं या कार्यक्रम कितने लोगों तक पहुंचा।

जब समुदाय के पास पहले से समाधान होता है

कई बार ऐसा होता है कि समुदाय अपनी समस्याओं को पहचानकर उनका समाधान भी खुद ही ढूंढ लेता है। ऐसे में संस्थाओं की भूमिका किस तरह की हो सकती है इसे समझना ज़रूरी है। उदाहरण के लिए, मध्य प्रदेश के झाबुआ और अलीराजपुर ज़िलों में भील आदिवासी समुदाय के साथ काम करते हुए ‘हलमा’ की परंपरा को करीब से समझने का मौका मिला। इसमें समुदाय के लोग किसी बड़ी समस्या के समाधान के लिए मिलकर श्रमदान करते हैं। यह केवल एक सामूहिक श्रम की परंपरा नहीं है, बल्कि स्थानीय ज़रूरतों को पहचानने, संसाधनों को जुटाने और सामूहिक ज़िम्मेदारी लेते हुए समाधान खोजने का एक तरीका भी है। इस परंपरा के ज़रिए यहां के 1,322 गांवों में 500 कुओं की मरम्मत और उन्हें गहरा करने के साथ-साथ चेकडैम, बोरीबांधान और अन्य जल संरचनाओं का निर्माण किया गया है।

इस बारे में झाबुआ ज़िले में स्थित नवापाड़ा गांव के वीरसिंह बामनिया बताते हैं कि 2020 में हलमा के माध्यम से गांव में 14 करोड़ लीटर पानी संग्रह करने की क्षमता वाला तालाब बनाया गया। इससे, अब उनके खेतों में गेहूं, चना, मक्का और सब्ज़ियों की फसलें लहलहा रही हैं। इस उदाहरण से पता चलता है कि मिल-जुलकर और स्थानीय नेतृत्व के बलबूते समुदाय अपने संसाधनों का प्रबंधन और समस्याओं का समाधान खुद कर सकता है। संस्थाएं समुदाय की इस क्षमता को पहचानने, लोगों को ज़रूरी संसाधन उपलब्ध कराने और उनकी पहल को आगे बढ़ाने में मदद कर सकती हैं।

‘हमने समुदाय से पूछा’ यह कह देना काफी नहीं है। यह पूछना भी ज़रूरी है कि किससे पूछा और किसकी बात छूट गई।

गांधी के सहभोज और सहजीवन जैसे विचार भी समुदाय के साथ जुड़कर काम करने की इस समझ को मज़बूत करते हैं। किसी भी सामाजिक संस्था या सरकारी योजना को सफल बनाने के लिए समुदाय के साथ भरोसे का रिश्ता बनाना बेहद ज़रूरी होता है। इससे समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होती है और कार्यों को मिलकर प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है। जैसे, सहभोज के ज़रिये समाज के विभिन्न जाति, धर्म एवं सामाजिक-आर्थिक वर्ग के लोगों को बिना किसी भेदभाव के साथ भोजन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है। ठीक इसी तरह, सहजीवन का मतलब होता है विभिन्न वर्गों के लोगों को आपसी सहयोग, सम्मान, समानता और सद्भाव के साथ मिल-जुलकर रहने के लिए प्रेरित करना है। इसका उद्देश्य सामाजिक एकता और सामुदायिक विकास को बढ़ावा देना है।

ये परपंरा और विचार बताते हैं कि समुदाय के पास समस्याएं सुलझाने के अपने तरीके पहले से होते हैं। बाहर से आई संस्थाएं अक्सर शुरू में इन्हें देख नहीं पातीं। जब योजनाएं समुदाय के तरीकों के आधार पर बनती हैं, तो लोगों के लिए उन्हें आगे बढ़ाना आसान होता है।

किसकी आवाज़ को दी जाती है अहमियत  

समुदाय के साथ काम करते समय यह समझना ज़रूरी है कि समुदाय कोई एक तरह का समूह नहीं होता है। महिलाओं, युवाओं, बुज़ुर्गों और हाशिये के समूहों की प्राथमिकताएं अलग-अलग हो सकती हैं। जो आवाज़ सबसे पहले सुनाई देती है, वह अक्सर सबसे प्रभावशाली व्यक्ति की होती है। इसलिए। ‘हमने समुदाय से पूछा’ यह कह देना काफी नहीं है। यह पूछना भी ज़रूरी है कि किससे पूछा और किसकी बात छूट गई। इसी तरह, ट्रेनिंग का समय तय करते वक्त अगर महिलाओं की घरेलू और देखभाल की ज़िम्मेदारियां ध्यान में न रखी जाएं, तो उन्हें बुला लेने भर से उनकी भागीदारी सुनिश्चित नहीं हो जाती। इसके अलावा, इस पर भी ध्यान देना ज़रूरी है कि प्रशिक्षण नए कौशलों को सिखाने तक सीमित न हो जाए बल्कि उन कौशलों पर ध्यान दिया जाए जिनमें समुदाय पहले से ही पारंगत है।

उदाहरण के लिए, मध्य प्रदेश के झाबुआ और अलीराजपुर ज़िले में भील जनजाति के साथ काम करते हुए हमने पाया कि वहां की महिलाएं पारंपरिक पिथौरा कला में बेहद कुशल हैं। वे घरों की दीवारों पर सुंदर पिथौरा चित्र बनाती थीं, लेकिन उनके पास इस कला को आगे बढ़ाने और बाज़ार तक पहुंचाने के लिए ज़रूरी संसाधन नहीं थे। इसके लिए हमने 8–10 महिलाओं का एक समूह बनाया और उन्हें कागज़, रंग और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई। महिलाओं ने अपनी कला को कागज़ पर उकेरा, जिसे हमने बाज़ार में बेचने का प्रयास किया। इससे उनकी आमदनी बढ़ी और उन्हें अपनी पारंपरिक कला के ज़रिए रोज़गार का अवसर मिल पाया।

ट्रेनिंग का समय तय करते वक्त अगर महिलाओं की घरेलू और देखभाल की ज़िम्मेदारियां ध्यान में न रखी जाएं, तो उन्हें बुला लेने भर से उनकी भागीदारी सुनिश्चित नहीं हो जाती।

इस अनुभव से हमें समझ आया कि समुदाय को नए कौशल सिखाने के साथ-साथ उसके मौजूदा कौशलों और पारंपरिक ज्ञान को पहचानना भी ज़रूरी है। इसके लिए आवश्यक संसाधन, अवसर और बाज़ार तक पहुंच उपलब्ध कराकर समुदाय की इन क्षमताओं को टिकाऊ आजीविका में बदला जा सकता है।

हर हितधारक के सामने समुदाय को कैसे प्राथमिकता दें

समुदाय के विकास, उसकी ज़रूरतों और अधिकारों से जुड़े मुद्दे सिर्फ किसी संस्था और समुदाय के बीच के आपसी रिश्ते तक सीमित नहीं होते। मसलन, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और महिलाओं के अधिकार जैसे मुद्दों पर काम करना किसी एक संस्था के बस की बात नहीं हैं। इसमें फंडर, सरकार और निजी क्षेत्र की भागीदारी भी मायने रखती है। अब सवाल यह है कि इनमें से हर एक के सामने समुदाय को कैसे प्रस्तुत किया जाए। इसके लिए नीचे दिए गए तरीके आज़माए जा सकते हैं:

1. फंडर के साथ: फंडर अक्सर परियोजना के उद्देश्य, लक्ष्य, बजट और समय-सीमा तय करते हैं। लेकिन ये लक्ष्य हमेशा समुदाय की वास्तविक ज़रूरतों और ज़मीनी परिस्थितियों के अनुरूप नहीं होते। ऐसे में संस्था की ज़िम्मेदारी केवल तय गतिविधियां पूरी करना और रिपोर्ट बनाना नहीं है, बल्कि समुदाय के ज़मीनी अनुभवों, ज़रूरतों और प्रतिक्रियाओं के आधार पर फंडर से संवाद करना भी है।

उदाहरण के लिए, महाराष्ट्र के गढ़चिरौली ज़िले में माड़िया जनजातीय समुदाय की महिलाओं के साथ स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर काम करने के दौरान हमने पाया कि पीरियड्स के दौरान महिलाओं के पास सैनिटरी पैड उपलब्ध नहीं थे। आर्थिक स्थिति कमज़ोर होने की वजह से वे उन्हें खरीद भी नहीं सकती थीं। ऐसी स्थिति में उन्हें केवल जागरूकता का प्रशिक्षण देना या एक बार सैनिटरी पैड वितरित कर देना स्थायी समाधान नहीं था। इसे देखते हुए फंडर से बात करके महिलाओं को सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई गईं, ताकि वे कपड़े से अपने लिए पैड खुद बना सकें।

इस अनुभव से स्पष्ट हुआ कि ज़मीनी ज़रूरतों के अनुरूप किसी परियोजना में बदलाव की गुंजाइश होनी चाहिए। समुदाय की असल ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए स्थायी समाधान पेश करके ही किसी परियोजना की सफलता सुनिश्चित की जा सकती है ।

ऐसी स्थिति में संस्था को ज़मीनी अनुभवों, सर्वेक्षणों, लाभार्थियों की प्रतिक्रियाओं और उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर फंडर को यह समझाना चाहिए कि परियोजना के लक्ष्यों या गतिविधियों में बदलाव करना क्यों ज़रूरी है। इसके अलावा, यह भी ज़रूरी है कि किसी परियोजना के नेतृत्वकर्ता के तौर पर संस्था फंडर के सामने खुद को न प्रस्तुत करके समुदाय के लोगों को आगे करे।

2. सरकार के साथ: सरकार बड़े पैमाने पर काम करती है, इसलिए संस्थाओं का काम केवल सरकारी योजनाएं लागू करने तक सीमित नहीं होना चाहिए। स्थानीय स्तर पर जो मॉडल असर दिखा रहे हैं, उन्हें सरकारी व्यवस्था से जोड़ने में भी वे भूमिका निभा सकती हैं। जैसे, स्वयं सहायता समूहों का कोई सफल मॉडल राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जोड़ा जा सकता है। इसी तरह, स्वास्थ्य जागरूकता और जांच का काम आशा कार्यकर्ताओं और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के ज़रिए आगे बढ़ाया जा सकता है। शर्त यह है कि इस प्रक्रिया में समुदाय की ज़रूरतों और उनके अनुभवों को प्राथमिकता दी जाए।

इस प्रक्रिया में यह भी ध्यान देना ज़रूरी है कि सरकारी व्यवस्था से जुड़ने के बाद भी समुदाय की ज़रूरतों और प्राथमिकताओं को जगह मिल रही है या नहीं।

3. निजी क्षेत्र के साथ: निजी क्षेत्र के पास वित्तीय संसाधनों के अलावा तकनीक, प्रबंधन का अनुभव, विशेषज्ञता और व्यापक नेटवर्क होता है। पर यहां भी वही कसौटी लागू होती है कि क्या यह साझेदारी समुदाय की किसी ज़रूरत से निकली है या फिर फंड देने वाली कंपनी की अपनी प्राथमिकता से? इसके लिए कंपनी के साथ शुरुआत से ही ऐसे संवाद और समीक्षा की व्यवस्था बनाई जा सकती है, जिससे समुदाय हर स्तर पर अपनी प्रतिक्रिया दे सके।

उदाहरण के लिए, महाराष्ट्र के अहमदनगर ज़िले के हिवरे बाज़ार गांव के दौरे के दौरान मैंने वहां के सरपंच पोपटराव पवार से मुलाकात की। उनसे बातचीत के ज़रिये यह समझने की कोशिश की कि जल संकट, कृषि और आजीविका जैसी चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने गांव के विकास को दिशा कैसे दी। उन्होंने बताया कि गांव के विकास में सरकार और निजी क्षेत्र से सहयोग लेना तो ज़रूरी है, लेकिन उससे पहले गांव की वास्तविक ज़रूरतों और प्राथमिकताओं को समझना चाहिए। साथ ही, उपलब्ध संसाधनों का सही इस्तेमाल करना भी उतना ही ज़रूरी है।

किसी भी परियोजना का नेतृत्व समुदाय के हाथों में होना चाहिए। संस्था की भूमिका समुदाय को नेतृत्व में मदद करने और मार्गदर्शन करने तक सीमित होनी चाहिए।

इस बातचीत से मुझे समझ आया कि विकास का मतलब सिर्फ बाहर से पैसा और संसाधन जुटाना नहीं है, बल्कि समुदाय को अपनी ज़रूरतें पहचानने और अपने विकास की दिशा तय करने का अवसर देना है। सरकार और निजी क्षेत्र संसाधन तो उपलब्ध करा सकते हैं, लेकिन विकास का नेतृत्व समुदाय के हाथों में ही होना चाहिए। 

जवाबदेही: किसी एक के प्रति नहीं

किसी परियोजना की सफलता के लिए फंडर के प्रति जवाबदेही ज़रूरी है, लेकिन उसकी सफलता का आकलन केवल बजट खर्च करने और निर्धारित लक्ष्य पूरे करने से नहीं किया जा सकता। मान लीजिए कि किसी परियोजना के तहतमें 10,000 महिलाओं को रोज़गार के कौशलों में प्रशिक्षित किया गया है। यह उपलब्धि तो है, लेकिन इसके बाद यह देखना भी ज़रूरी है कि क्या उनके कौशलों में सुधार हुआ, क्या उन्हें आय के नए अवसर मिले। अगर प्रशिक्षिण के बाद महिलाओं को बाजार, पूंजी या ज़रूरी संसाधनों तक पहुंच नहीं मिली, तो केवल प्रशिक्षिण पूरा होने को सफलता नहीं माना जा सकता। 

कुछ व्यावहारिक कदम

यह सब सुनने में तो अच्छा लगता है, पर संस्था क्या अलग करे जिससे परियोजना बनाने, उसके कार्यान्वयन और उसके आकलन में सिस्टम में बदलाव लाया जा सके। इसके लिए कुछ शुरुआती कदम इस प्रकार हो सकते हैं:

  1. परियोजना बनने से पहले समुदाय के अलग-अलग समूहों से उनकी ज़रूरतों और समस्याओं के बारे में अलग से पूछें। उनके जवाब प्रस्ताव में दर्ज करें।
  2. परियोजना की प्रगति, उसके लिए उपलब्ध संसाधनों न और लिए गए फैसलों की जानकारी समुदाय के सामने उनकी ही भाषा में रखें।
  3. समुदाय की प्रतिक्रिया के आधार पर योजना में बदलाव की गुंजाइश की बात फंडर के साथ पहले ही कर लें। इस तरीके को अपनाकर समुदाय की आवाज़ यानी आवश्यकता को महत्व दिया जा सकता है।
  4. सफलता के पैमानों में ‘परियोजना के बाद के नतीजों’ को शामिल करें। जैसे, स्थानीय नेतृत्व, कौशलों, संसाधनों और सरकारी व्यवस्था से जुड़ाव में आए बदलावों को दर्ज करें।

परियोजना खत्म होने के बाद के नतीजे

किसी काम की सफलता की सबसे ईमानदार कसौटी परियोजना ख़त्म होने के बाद के नतीजे होते हैं। मसलन, क्या समुदाय के पास समस्या से निपटने के कौशल और संसाधन हैं? क्या स्थानीय नेतृत्व उभरा है? क्या वे अपने फैसले खुद ले पा रहे हैं? इसके लिए सस्थाओं को अपने काम करने के तरीके पर भी सवाल उठाने होंगे।

फंडर के लक्ष्य तभी मायने रखते हैं, जब वे समुदाय की ज़रूरतों से निकले हों। समुदाय की भूमिका सिर्फ बैठक में हिस्सेदारी तक नहीं सीमित होनी चाहिए, काम की दिशा तय करने में भी उनकी भागीदारी की होनी चाहिए। किसी भी परियोजना का नेतृत्व समुदाय के हाथों में होना चाहिए। संस्था की भूमिका समुदाय को नेतृत्व में मदद करने और मार्गदर्शन करने तक सीमित होनी चाहिए। इतना ही नहीं, कार्यक्रमों की योजना बनाने व नतीजों के आकलन में भी समुदाय की सक्रिय भागीदारी होनी चाहिए। तभी ‘समुदाय’ शब्द रिपोर्टों से निकलकर ज़मीनी काम में दिखाई देगा।

—

अधिक जानें 

  • जानिए​, पारंपरिक पेय हड़िया पर प्रतिबंध से क्यों परेशान हैं आदिवासी? ​
  • जानिए​, महाराष्ट्र की दाइयों का पारंपरिक ज्ञान आज भी क्यों प्रासंगिक है?
  • जानिए​, कैसे कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न के खिलाफ लामबंद हो रही हैं घरेलू कामगार महिलायें?

लेखक के बारे में

  • देवी अनुसाया राजेश महाराष्ट्र के यवतमाल के सामाजिक कार्यकर्ता व लेखक हैं। वह बंजारा घुमंतू जनजाति सहित वंचित समुदायों के साथ शिक्षा, आजीविका, महिला स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में काम करते हैं। उन्होंने सामाजिक कार्य में स्नातक एवं स्नातकोत्तर की शिक्षा हासिल की है। वर्तमान में वह मेधा लर्निंग फाउंडेशन में काम कर रहे हैं। उनका मानना है कि व्यक्ति की पहचान उसके काम, विचारों और मूल्यों से होनी चाहिए। वह अपने परिवार की पहली पीढ़ी के व्यक्ति हैं, जिन्होंने शिक्षा हासिल की है।
IDR Hindi Instagram