असम के जोरहाट ज़िले में नागालैंड की सीमा के पास तुरुं समुदाय का एक शांत और छोटा-सा अनोखा गांव है – पोहुकोटिया श्याम। सरकारी रिकॉर्ड* में इसे टिपोमिया हाबी कहते हैं। इस गांव के निर्मल और सुंदर भूभाग में आपको घुमावदार पुरानी कच्ची सड़कें और घनी हरियाली देखने को मिलेगी। यहां पारंपरिक सां-घर (ऊंचे खंभों पर खड़े) मिलते हैं, जिनके आसपास छोटे बग़ीचे और पुराने बांस की बाड़ें लगी होती हैं। आजीविका के लिए खेतीबाड़ी करने वाले 77 वर्षीय किसान अनंत तुरुं इसी गांव में रहते हैं। अनंत अपनी मातृभाषा टाई तुरुं में शब्दों का एक अनोखा भंडार इकट्ठा करने में जुटे हैं।
अनंत के मुताबिक़ “भाषा पानी की तरह होती है, बहती हुई नदी जैसी। यह हमेशा एक जैसी नहीं रहने वाली। मगर इसे एकदम अचानक से नहीं बदल जाना चाहिए और न ही ख़त्म होना चाहिए।” इसी ख़याल के साथ जी रहे इस साधारण-से किसान ने अपनी मातृभाषा का दस्तावेज़ीकरण करने और उसे सहेजने में पांच दशक से ज़्यादा लगाए हैं। वह अपनी तुरुं जनजाति की उत्पत्ति पर शोध कर रहे हैं, अपनी भाषा के शब्द इकट्ठा करते हैं, उनके मूल स्वरूप और व्याकरण को समझते हैं, और अपने इलाक़े में बार-बार हुए पलायन और सांस्कृतिक मेलजोल का भाषा के बदलते रूप और इस्तेमाल पर पड़े असर को समझने की कोशिश करते हैं। इसी के साथ वह इन सब के बारे में किताबों, पत्रिकाओं और अख़बारों में भी लिखते रहते हैं।

यह सारा काम वह अपने ख़र्च पर अपनी पांच बीघा (1.6 एकड़) ज़मीन से होने वाली थोड़ी बहुत कमाई से करते हैं। एक स्कूल में अनौपचारिक शिक्षक और प्रशासक के बतौर उन्होंने 40 साल से ज़्यादा नौकरी की, मगर फिर भी उन्हें कभी कोई तनख़्वाह नहीं मिली। आख़िरकार, जब इस स्कूल को सरकारी मदद व अनुदान मिला और वह क्लर्क की तनख़्वाह पाने के हक़दार बने, तब तक उनके रिटायरमेंट में बस तीन महीने बचे थे। मगर अपनी भाषा बचाने के उनके मिशन के रास्ते में कोई चीज़ आड़े नहीं आ सकी।
साल 2011 की भाषाई जनगणना में टाई तुरुं अलग भाषा के रूप में सूचीबद्ध नहीं है, बल्कि इसे टाई भाषाओं के बड़े समूह में रखा गया है। इस कारण सरकारी दस्तावेज़ों के हवाले से इस भाषा के बोलने वालों की सही तादाद का पता लगाना मुश्किल है। कुछ साल पहले जब कुछ शोधकर्ताओं ने इस बारे में अनंत तुरुं से संपर्क किया, तो उन्होंने व्यवस्थित तरीक़े से फ़ील्ड वर्क किया। वह अपने गांव के हर घर में गए, जानकारी पाने के लिए दूसरे गांवों में चिट्ठियां लिखीं और इस नतीजे पर पहुंचे कि उनकी भाषा ख़त्म होने के कगार पर आ चुकी है और इसे बोलने वाले बस 1,456 लोग ही बचे हैं। ये सभी असम के छह अलग-अलग गांवों और अरुणाचल प्रदेश के कुछ परिवारों में फैले हैं।
टाई तुरुं भाषा का ख़त्म होना और उसका सांस्कृतिक क्षरण लगभग तय था। अनंत ने पारंपरिक लोकगीत, मीठी लोरियां और ख़ास तरह के नृत्य ग़ायब होते देखे हैं। उन्होंने काम की तलाश में प्रवास पर गए परिवारों को अपनी भाषा पीछे छोड़कर जाते और युवाओं को अपनी पारंपरिक धुनें छोड़ असमिया बिहू गीत गाते देखा है। मगर अनंत तुरुं ने शब्द भंडार बनाना जारी रखा है।

अनंत तुरुं ने एक हस्तलिखित शब्द-पुस्तिका तुरुं गा दुम (शब्दकोश) तैयार किया है, जिसमें शरीर के अंगों, जानवरों के नामों और प्रकृति की चीज़ों के लिए इस्तेमाल होने वाले रोज़मर्रा के शब्द लिखे गए हैं। ये सभी तुरुं, असमिया और अंग्रेज़ी भाषाओं में हैं। वह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक शब्दकोश और व्याकरण की किताब पूरी करने में जुटे हैं। बिना किसी पुरस्कार या ईनाम की उम्मीद के भाषा का ज्ञान भंडार खड़ा करने में लगे अनंत की पत्नी भानुमती तुरुं (63) बताती हैं, “इन्होंने काफ़ी बड़ा शब्दकोश तैयार किया था। दस साल से ज़्यादा हो गए, जब इन्होंने उसे असम साहित्य सभा को दिया था। उन्हें उम्मीद थी कि यह कभी न कभी छपेगी। हम अभी तक उसके छपने का इंतज़ार ही कर रहे हैं।”
अनंत तुरुं के लिए उनके काम के मायने स्पष्ट हैं, “मेरे मरने के बाद भी मेरी भाषा ज़िंदा रहनी चाहिए।”
अज़ीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी की मदद से पारी ने ‘लुप्तप्राय भाषा परियोजना’ शुरू की है। परियोजना का मक़सद भारत की संकटग्रस्त भाषाओं का, उन्हें बोलने वाले आम अवाम व उनके जीवन अनुभवों के ज़रिए दस्तावेज़ीकरण करना है।
यह आलेख मूल रूप से पीपल्स आर्काइव ऑफ़ रूरल इंडिया पर प्रकाशित हुआ था, जिसे आप यहां पढ़ सकते हैं।
लेखक के बारे में
- पारी एक दैनंदिनी होने के साथ-साथ आर्काइव भी है. हम हालिया और समकालीन वक़्त में ग्रामीण क्षेत्रों की रिपोर्टिंग करते हैं और दूसरों की रपटों को जगह देते हैं, और इसके साथ ही हम, जितने भी स्रोतों से संभव है, पहले से प्रकाशित स्टोरी, रिपोर्ट, वीडियो, और ऑडियो का डेटाबेस तैयार कर रहे हैं. पारी का सभी कॉन्टेंट क्रिएटिव कॉमन्स के अंतर्गत आता है और इसकी वेबसाइट का मुफ़्त इस्तेमाल किया जा सकता है.
