ईकोसिस्टम डेवलपमेंट

सरल कोश: इकोसिस्टम क्या होता है और यह क्यों ज़रूरी है?

इकोसिस्टम हमें किसी मुद्दे को अलग-अलग हिस्सों में देखने के बजाय उसकी पूरी तस्वीर देखने और उन हिस्सों के बीच के आपसी संबंधों को समझने में मदद करता है।

विकास सेक्टर में काम करते समय “इकोसिस्टम” एक ऐसा शब्द है, जो अक्सर सुनने को मिलता है। इसका हिंदी अर्थ है, पारिस्थितिकी तंत्र। सरल भाषा में, इकोसिस्टम का मतलब किसी मुद्दे या क्षेत्र से जुड़े लोगों, संस्थाओं, व्यवस्थाओं, संसाधनों और उनके आपसी संबंधों की पूरी व्यवस्था से है।

जब किसी सामाजिक समस्या या क्षेत्र को समझने की कोशिश की जाती है, तब केवल उस पर काम करने वाली संस्थाओं को देखना पर्याप्त नहीं होता। यह भी समझना ज़रूरी होता है कि अलग-अलग लोग और संस्थाएं एक-दूसरे से कैसे जुड़े हैं, किसकी क्या भूमिका है और एक के काम का असर दूसरे पर किस तरह पड़ता है। उदाहरण के लिए, शिक्षा के इकोसिस्टम में बच्चे, माता-पिता, शिक्षक, स्कूल, सरकार, गैर-सरकारी संगठन, फंडर्स और शोधकर्ता शामिल हो सकते हैं। इनके अलावा, शिक्षा से जुड़ी नीतियां, नियम और संसाधन भी इस इकोसिस्टम का हिस्सा हो सकते हैं।

विकास सेक्टर में इकोसिस्टम की अवधारणा का इस्तेमाल किसी समस्या को उसके पूरे संदर्भ में समझने, रणनीति बनाने और अलग-अलग लोगों व संस्थाओं के बीच सहयोग की संभावनाओं को पहचानने के लिए किया जाता है। इसमें यह देखना भी ज़रूरी होता है कि संसाधन और निर्णय लेने की शक्ति किसके पास है और अलग-अलग लोगों की आवाज़ को कितना महत्व मिलता है।

तो इस तरह, इकोसिस्टम हमें किसी मुद्दे को अलग-अलग हिस्सों में देखने के बजाय उसकी पूरी तस्वीर देखने और अलग-अलग हिस्सों के बीच के आपसी संबंधों को समझने में मदद करता है।

–

अधिक जानें

  • पढ़ें, झारखंड की जल सहिया 15 साल से आंदोलन क्यों कर रही हैं? 
  • पढ़ें, क्या है जल सुरक्षा: भारत की चुनौतियां और समाधान।

लेखक के बारे में

  • इंडिया डेवलपमेंट रिव्यू (आईडीआर) डेवलपमेंट कम्यूनिटी में काम कर रहे नेतृत्वकर्ताओं के लिए बना भारत का पहला स्वतंत्र मीडिया प्लैटफ़ॉर्म है। हमारा लक्ष्य भारत में सामाजिक प्रभाव से जुड़े ज्ञान का विस्तार करना है। हम वास्तविक दुनिया की घटनाओं से हासिल विचारों, दृष्टिकोणों, विश्लेषणों और अनुभवों को प्रकाशित करते हैं।